चंदौली में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, 5 सूत्रीय मांगों को लेकर CDO कार्यालय का घेराव

105

चंदौली में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, 5 सूत्रीय मांगों को लेकर CDO कार्यालय का घेराव

चंदौली : जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली और शहर कांग्रेस कमेटी मुग़लसराय के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जनहित से जुड़ी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी (CDO) कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने किया। इस दौरान प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की गई और चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी न होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार की जनविरोधी और भ्रष्ट नीतियों के चलते प्रदेश की जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में करीब 1 करोड़ मनरेगा मजदूरों की 75 दिनों की मजदूरी बकाया है, जबकि मनरेगा कार्यों का लगभग 2 हजार करोड़ रुपये का भुगतान भी लंबित है। इसके अलावा रोजगार सेवकों और करीब 40 हजार संविदा कर्मियों को औसतन 8 महीने से मानदेय नहीं मिला है।

जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने जिला प्रशासन को चेताते हुए कहा कि तत्काल प्रभाव से मनरेगा मजदूरों की बकाया मजदूरी का भुगतान किया जाए और जिले में कराए गए कार्यों का हिसाब चुकाया जाए। उन्होंने मांग की कि रोजगार सेवकों और संविदा कर्मियों का लंबित मानदेय जल्द दिया जाए। साथ ही रसोई गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने और लोगों को समय पर गैस उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई।

उन्होंने बिजली विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार और अवैध वसूली पर भी कड़ी आपत्ति जताई और इसे तत्काल बंद करने की मांग की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस आम जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतरकर व्यापक जन आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

इस मौके पर बृजेश गुप्ता, मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, सतीश बिंद, गंगा प्रसाद, राजेंद्र गौतम, दयाराम पटेल, राममूरत गुप्ता, कुलदीप वर्मा, शिवतपस्या तिवारी, गुलाब राम, शिवेंद्र मिश्रा, नवीन पांडेय, संतोष तिवारी, दिलीप यादव, मदन लाल, चंद्रवंश यादव, श्रीकांत पाठक, अमलेंदु पांडेय, ज्ञानप्रकाश तिवारी, संतोष चौबे समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।