चंदौली में कांग्रेस का प्रदर्शन, जनहित के छह मुद्दों पर डीएम को सौंपा ज्ञापन

27

चंदौली में कांग्रेस का प्रदर्शन, जनहित के छह मुद्दों पर डीएम को सौंपा ज्ञापन

चंदौली : जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर राज्यपाल के नाम संबोधित छह सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने किया।

इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में आम जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर की गलत रीडिंग से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बिजली बिल का बोझ पड़ रहा है। किसान खरीद केंद्रों पर अपनी उपज बेचने में परेशान हैं, जबकि शिक्षण संस्थानों का माहौल भी प्रभावित हुआ है।

उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की किल्लत से लोगों के सामने भोजन और रोजगार का संकट उत्पन्न हो गया है। सड़क चौड़ीकरण के नाम पर गरीबों के घर तोड़े जा रहे हैं। साथ ही सरकार पर जाति और धर्म के आधार पर समाज को बांटने तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया।

जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर है और उनके समाधान के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल से पंचायत चुनाव शीघ्र कराने, क्रय केंद्रों पर किसानों की फसल खरीद सुनिश्चित करने, स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की है।

इसके अलावा पंडित कमलापति त्रिपाठी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विज्ञान वर्ग की स्नातक कक्षाएं संचालित करने तथा सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित लोगों को मुआवजा और पुनर्वास देने की मांग की है। इसके अलावा गैस एजेंसियों की कालाबाजारी रोककर समय से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

प्रदर्शन में बृजेश गुप्ता, विजय त्रिपाठी, मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, तरुण पांडेय, गंगा प्रसाद, अकील अहमद, सतीश बिंद, मुनीर खान, राजेंद्र गौतम, चंद्रवंश यादव, राममूरत गुप्ता, गुलाब राम, प्रताप पांडेय, शिवतपस्या तिवारी, शाहिद तौसीफ, बदरुद्दुजा अंसारी, अमलेंदु पांडेय, बेचन पाठक, राकेश सिंह, सिराजुद्दीन भुट्टो समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।