कांग्रेस कार्यालय में याद किए गए जगजीवन राम, लोगो ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
चंदौली : जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री एवं समाजसेवी जगजीवन राम की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। यह कार्यक्रम चंदौली स्थित चंद्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन में जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जगजीवन राम के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें सामाजिक न्याय और समानता का सच्चा प्रहरी बताया।
सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि बाबू जगजीवन राम का पूरा जीवन समाज के वंचित, गरीब और शोषित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई में समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि बाबूजी ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आजादी के बाद देश के विकास में भी अपना अमूल्य योगदान दिया।
उन्होंने आगे बताया कि कृषि मंत्री के रूप में बाबूजी ने देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए और हरित क्रांति को मजबूती प्रदान की। वहीं, रक्षा मंत्री के रूप में 1971 का भारत-पाक युद्ध के दौरान भारत की विजय में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उनका जीवन आज भी सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर मधु राय, डॉ. रामधार जोसफ, गंगा प्रसाद, राजेंद्र गौतम, चंद्रवंशी यादव, संतोष तिवारी, श्रीकांत पाठक, जुगल किशोर, राकेश पाठक, रामौतार यादव, मिठाई लाल, संतोष चौबे, शमशेर खान, रामधार यादव सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिवेंद्र मिश्रा ने किया, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने की।


















