खड़ी ट्रक में तेज रफ्तार टेलर ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर, परिचालक गंभीर

13

खड़ी ट्रक में तेज रफ्तार टेलर ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर, परिचालक गंभीर

चंदौली : सदर कोतवाली क्षेत्र के कटसिला गांव के समीप नेशनल हाईवे-19 पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टेलर के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टेलर वाराणसी की ओर से बिहार की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान कटसिला गांव के पास हाईवे किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से जा भिड़ा। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से घायल परिचालक को वाहन से बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण टेलर चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि लंबी दूरी तय करने के दौरान चालक को नींद आने से वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई।

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। वहीं दुर्घटना की जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।