111 मोबाइल पाकर खिले चेहरे, चन्दौली पुलिस ने लौटाई 33 लाख की संपत्ति
चन्दौली : खोए हुए मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके 111 लोगों के चेहरे बुधवार को उस समय खुशी से खिल उठे, जब चन्दौली पुलिस ने उनके मोबाइल फोन उन्हें वापस सौंप दिए। पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को वितरित किए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों और सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर स्वाट एवं सर्विलांस टीम को मोबाइल बरामदगी का दायित्व सौंपा गया था। टीम ने तकनीकी संसाधनों और लगातार प्रयासों के जरिए विभिन्न स्थानों से 111 गुमशुदा व खोए हुए मल्टीमीडिया मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए।
बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 33.30 लाख रुपये बताई गई है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया और टीम के कार्य की सराहना की।
एसपी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। तकनीक के बेहतर उपयोग से गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी लगातार की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
थानावार बरामद मोबाइल
सकलडीहा-27, मुगलसराय-12, धीना-11, सैयदराजा-08, सर्विलांस सेल-07, चकरघट्टा-05, शहाबगंज-03, अलीनगर-02, चकिया-02, नौगढ़-02, कंदवा-02 तथा धानापुर-02 मोबाइल बरामद किए गए। कुल 111 मोबाइल स्वामियों को सुपुर्द किए गए।
इनकी रही अहम भूमिका
मोबाइल बरामदगी अभियान में स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव, सर्विलांस टीम प्रभारी आशीष मिश्रा, हेड कांस्टेबल अरविन्द कुमार यादव, राणाप्रताप सिंह, रामानन्द यादव, आशुतोष सिंह, आनन्द सिंह, प्रेमप्रकाश यादव, आदित्य कुमार पांडेय, मन्टू सिंह तथा कांस्टेबल अजीत सिंह, मनीष कुमार, संदीप कुमार और गणेश तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


















