सैयदराजा पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, जेवरात व नकदी सहित आरोपी गिरफ्तार
चंदौली : जनपद की सैयदराजा पुलिस को चोरी की एक घटना के सफल अनावरण में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के जेवरात एवं नकदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 15 मई 2026 को थाना सैयदराजा क्षेत्र के ग्राम ढेढ़वा निवासी रामगणेश पाण्डेय ने पुलिस को सूचना दी थी कि बीती रात अज्ञात चोर उनके घर में घुस गए और अलमारी व बक्सा तोड़कर जेवरात तथा नकदी चोरी कर ले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सैयदराजा में मुकदमा संख्या 151/2026 धारा 305(ए) एवं 331(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देशन तथा उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम लगातार मामले की जांच में जुटी हुई थी। इसी क्रम में बुधवार तड़के मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चौकी धरौली क्षेत्र स्थित नरहन कला बाजार के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त की पहचान दीपक खरवार पुत्र दीना खरवार निवासी ग्राम ऐलही, थाना सैयदराजा, जनपद चंदौली के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी की गई तीन जोड़ी बिछिया, दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी कान का टप्स, एक नाक का किल तथा 500 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2025 में गोवध निवारण अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में आवश्यक धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफलता में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, चौकी प्रभारी धरौली उपनिरीक्षक मारकण्डेय सिंह, कांस्टेबल अनिल यादव एवं कांस्टेबल अभिषेक मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।


















