नहर के ओवरफ्लो पानी से महुअर-मोलनापुर मार्ग बदहाल, घुटने भर पानी में आवागमन को मजबूर ग्रामीण
चंदौली : चहनियां क्षेत्र के महुअरकला से मोलनापुर को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग की स्थिति इन दिनों बेहद दयनीय हो गई है। नहर विभाग की लापरवाही के चलते नहर का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर भर जा रहा है, जिससे मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को घुटने भर पानी में होकर आवागमन करना पड़ रहा है। इस मार्ग से गुजरने वाले बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और छात्र-छात्राएं रोजाना भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
महुअरकला गांव से होते हुए मोलनापुर जाने वाला यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है। खेतों की सिंचाई के लिए बनी नहर से लगातार पानी ओवरफ्लो होने के कारण सड़क पर जलभराव हो गया है और जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। इससे मार्ग पर चलना जोखिम भरा हो गया है।
इस समस्या को लेकर बीते शुक्रवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था। शनिवार को समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित होने के बाद रविवार की शाम कांग्रेस के प्रदेश महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण कुमार द्विवेदी के साथ मौके पर पहुंचकर मार्ग की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। क्षेत्र में कई सड़कें जर्जर हालत में हैं और आम जनता को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस समस्या को लेकर वह संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर शीघ्र समाधान कराने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि इस मार्ग पर शहीद सैनिक अरविंद यादव के नाम से एक प्रवेश द्वार बनवाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के वीर जवान को सम्मान दिया जा सके। इस दौरान कन्हैया यादव, अवनीश यादव, विकास यादव, जगदीश यादव, राहुल यादव, मेवा, संचित, दिलीप, नीरज, निराला, मुलायम, बाबा और महेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


















