ओवरब्रिज गिरने पर कांग्रेस का हल्ला बोल, चंदौली में डीएम कार्यालय का घेराव
चंदौली : जनपद में निर्माणाधीन कटसिला रेलवे क्रॉसिंग ओवरब्रिज के गिरने की घटना को लेकर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निर्माण कार्यों में अनियमितता और घटिया गुणवत्ता के आरोप लगाए। इस मौके पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब से केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से विकास कार्यों के नाम पर भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चंदौली, बनारस समेत देश के कई हिस्सों में निर्माणाधीन ओवरब्रिजों का गिरना, हाईवे का धंसना और पानी की टंकियों का ढहना, सरकार के कथित “विकास मॉडल” की सच्चाई उजागर करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में आम जनता के मन में भय का माहौल है और लोगों को अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी है।
जिला अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कटसिला क्षेत्र के बनौली खुर्द में ओवरब्रिज का गिरना सिर्फ एक उदाहरण है, जबकि प्रदेश और देश में इस तरह की कई घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार व्याप्त है, जिससे आम जनता की जान-माल को खतरा पैदा हो रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने इस दौरान प्रशासन के समक्ष चार सूत्रीय मांगें रखीं। उन्होंने मांग की कि चंदौली से गुजरने वाली रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे सभी ओवरब्रिजों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। इसके साथ ही जिले से गुजरने वाले सभी स्टेट और नेशनल हाईवे तथा उन पर बन रहे पुलों की गुणवत्ता की जांच कराई जाए। साथ ही चंदौली से सैयदराजा और पड़ाव से चहनियां तक निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता की भी जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य हो सके और जनता को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रमुख रूप से बृजेश गुप्ता, मधु राय, रजनीकांत पांडेय, महेंद्र सिंह, गंगा प्रसाद, तरुण पांडेय, सतीश बिंद, राजेंद्र गौतम, दयाराम पटेल, राममूरत गुप्ता, गुलाब राम, शिवेंद्र मिश्रा, श्रीकांत पाठक, योगेंद्र सिंह सहित सैकड़ों कांग्रेसजन मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


















