पेट्रोल-डीजल और सीएनजी मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार का फूंका पुतला
चंदौली : पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी और बढ़ती महंगाई के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली एवं शहर कांग्रेस कमेटी मुगलसराय के संयुक्त तत्वावधान में भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेन्द्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आम जनता महंगाई की मार झेलने को मजबूर है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय दबाव में निर्णय ले रही है, जिसका सीधा असर देश की अर्थव्यवस्था और आम नागरिकों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से किसान, युवा और आम नागरिक सभी परेशान हैं तथा अब जनता बदलाव चाहती है।
वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि हाल ही में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में हुई बेतहाशा वृद्धि ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि पहले से ही घरेलू और व्यवसायिक गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए जा चुके हैं, जिससे लोगों के दैनिक जीवन पर सीधा असर पड़ा है। महंगाई के कारण रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी हो गई हैं और आम जनता परेशान है।
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार परीक्षा पत्र लीक होने की घटनाओं से छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। भाजपा सरकार जनता का विश्वास पूरी तरह खो चुकी है और अब उसे सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जनता के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।


















