सपा नेत्री गार्गी पटेल पर हमले को लेकर गरमाई राजनीति, जिला अस्पताल पहुंचा कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल
चंदौली : समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल पर हुए कथित हमले के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। मामले को लेकर विपक्षी दल भाजपा सरकार और प्रशासन पर लगातार हमलावर हैं। शनिवार को कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल जिला अस्पताल पहुंचा और उपचाराधीन गार्गी पटेल से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
बताया जा रहा है कि मुगलसराय थाना क्षेत्र के पड़ाव स्थित आवास पर सपा नेत्री गार्गी पटेल के साथ मारपीट की घटना हुई थी। गार्गी पटेल ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्यारेलाल के परिजनों पर हमला करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं का प्रतिनिधिमंडल अस्पताल पहुंचा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमले में शामिल लोग भाजपा से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” और “महिला वंदन” जैसे अभियान केवल दिखावा बनकर रह गए हैं। महिलाओं पर लगातार हो रहे हमले सरकार की नीतियों और दावों की पोल खोल रहे हैं।
अरुण द्विवेदी ने कहा कि जिस प्रकार राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाया जा रहा है, उससे स्पष्ट है कि भाजपा सरकार द्वेष और प्रतिशोध की राजनीति कर रही है। उन्होंने हाल ही में टीएमसी नेता पर हुए हमले का जिक्र करते हुए भी भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि विपक्षी नेताओं की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर नहीं है।
वहीं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव देवेंद्र सिंह मुन्ना ने भी घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गार्गी पटेल पर हमला बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। यदि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक का घेराव करेगी।
देवेंद्र सिंह मुन्ना ने जनपद में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि जिले की कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना को लेकर जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का अस्पताल पहुंचकर गार्गी पटेल से मिलने का सिलसिला जारी है।


















