असम के CM के बयान पर भड़की कांग्रेस, चंदौली में फूंका पुतला

46

असम के CM के बयान पर भड़की कांग्रेस, चंदौली में फूंका पुतला

चंदौली : जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली और शहर कांग्रेस मुगलसराय के तत्वावधान में शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने असम के मुख्यमंत्री डॉ हिंमत बिश्व शर्मा (Dr. Himanta Biswa Sarma) का पुतला फूंककर अपना आक्रोश जाहिर किया।

बताया गया कि हाल ही में असम के मुख्यमंत्री द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) और प्रवक्ता पवन खेरा (Pawan Khera) के खिलाफ कथित रूप से अमर्यादित टिप्पणी की गई थी, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा और संघ के नेता धर्म और संस्कृति के नाम पर लोगों को गुमराह करते हैं, जबकि उनकी भाषा शैली उनके असली चरित्र को उजागर करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के बड़े नेताओं द्वारा सार्वजनिक मंचों पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया जा रहा है, जो भारतीय संस्कृति के विपरीत है।

वहीं, शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा नेताओं की बड़बोली बयानबाजी अब उनकी पहचान बन चुकी है और दूसरों का अपमान करना उनके राजनीतिक संस्कार का हिस्सा हो गया है।

इस मौके पर मधु राय, गंगा प्रसाद, सतीश बिंद, राजेंद्र गौतम, दयाराम पटेल, गुलाब राम, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, चंद्रवंश यादव, श्रीकांत पाठक, जुगल किशोर, दिलीप यादव, राकेश सिंह, राकेश पाठक, रामौतार यादव, प्रकाश शर्मा, गौरव मिश्रा, शैलेश यादव, संतोष चौबे, सुभाष शास्त्री, विजय कुमार, अभय पाठक, विजय गुप्ता समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।