चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 61 लाख की अवैध बीयर के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, ट्रक से 1210 पेटी शराब बरामद
चंदौली : जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस को गुरुवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। थाना चंदौली पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक से पंजाब निर्मित भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी बीयर बरामद करते हुए दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 61 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शराब, गो-तस्करी एवं अन्य अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना चंदौली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वाराणसी से बिहार की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक के माध्यम से अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चौकी नवीन मंडी के सामने घेराबंदी कर ट्रक संख्या MH18BG7712 को रोक लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को ट्रक में भूसी की आड़ में छिपाकर रखी गई ‘HOWARD 500’ ब्रांड की कुल 1210 पेटी अवैध अंग्रेजी बीयर बरामद हुई। बरामद बीयर की कुल मात्रा 14,520 लीटर बताई गई है, जिसमें 29,040 कैन शामिल हैं। पुलिस ने मौके से दो शातिर अंतरराज्यीय तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राजस्थान के बाड़मेर जनपद निवासी मूला राम पुत्र भेरा राम (28 वर्ष) तथा हितेन्द्र कुमार पुत्र किशना राम (25 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने बताया कि वे पंजाब से बीयर लोड कर बिहार के औरंगाबाद जनपद में पहुंचाने जा रहे थे। इसके बदले उन्हें प्रति चक्कर 50 हजार रुपये मेहनताना मिलता था। पुलिस जांच के दौरान उन्होंने शुरुआत में ट्रक में केवल भूसी लदे होने की बात कहकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास भी किया।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए अभियुक्तों के विरुद्ध थाना चंदौली में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई में थाना चंदौली के प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, उपनिरीक्षक रावेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक रामाशंकर यादव सहित थाना पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने बरामदगी करने वाली टीम की सराहना करते हुए अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही।
चंदौली पुलिस की इस कार्रवाई को बिहार में होने वाली अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। पुलिस अब इस मामले में शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।


















