चंदौली में पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूरी, 11 केंद्रों पर 24,768 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
चंदौली : आगामी यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधाएं, यातायात प्रबंधन तथा परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।
जनपद में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 24,768 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 11 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। साथ ही पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था करने तथा संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर सघन चेकिंग, अभ्यर्थियों के सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं अफवाहपूर्ण सूचनाओं पर कड़ी नजर रखने तथा ऐसे मामलों में तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा सभी केंद्रों पर बिजली, पेयजल, सीसीटीवी कैमरे, जैमर, अग्निशमन उपकरण एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा की शुचिता भंग करने अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्र शेखर, जिला विद्यालय निरीक्षक, सेक्टर एवं जोनल अधिकारी तथा विभिन्न परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।


















