एलपीजी संकट पर सपा का प्रदर्शन, सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल

43

एलपीजी संकट पर सपा का प्रदर्शन, सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल

चंदौली : ईरान-इजराइल युद्ध के चलते उत्पन्न एलपीजी गैस संकट को लेकर मंगलवार को समाजवादी पार्टी ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देकर केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की। धरना-प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण देशभर में एलपीजी गैस की किल्लत बढ़ती जा रही है। आम जनता को गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। नेताओं ने कहा कि आपदा के इस दौर में सरकार और प्रशासन लोगों को समय पर गैस उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं।

सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’ ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज देश की जनता प्रधानमंत्री के उस बयान का जवाब चाहती है, जिसमें उन्होंने ‘नाले से गैस निकालने’ की बात कही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि एलपीजी सिलेंडर आम लोगों की पहुंच से दूर होता जा रहा है और कई जगहों पर इसकी कालाबाजारी हो रही है। इतना ही नहीं, निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं।

सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि गलत नीतियों के कारण पेट्रोलियम उत्पादों से लदे जहाज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे हुए हैं, जिससे देश में गैस आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल प्रभाव से आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए और आम उपभोक्ताओं को राहत दे।

सपा प्रवक्ता मनोज सिंह ‘काका’ ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों का खामियाजा देश की 140 करोड़ जनता भुगत रही है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते सरकार ने सही कदम उठाए होते, तो आज लोगों को गैस सिलेंडर के लिए भटकना नहीं पड़ता। कई परिवार ऐसे हैं, जिनके घरों में सिलेंडर के अभाव में चूल्हे तक नहीं जल पा रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग मौके पर पहुंचे और स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा कि जिले में गैस आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है। उन्होंने बताया कि मांग बढ़ने के कारण कुछ स्थानों पर अस्थायी दिक्कतें हो सकती हैं, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने जनता से अपील की कि यदि कहीं कालाबाजारी या ओवररेटिंग की शिकायत मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि सख्त कार्रवाई की जा सके।

धरना-प्रदर्शन में संजय सोनकर, चंद्रभानु यादव, मुसाफिर चौहान, चंद्रशेखर यादव, अशोक त्रिपाठी, तसलीम अंसारी, संतोष यादव, सुदामा यादव, इंद्रेश यादव समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।