नगवां में जर्जर सड़क पर सपा का अनोखा विरोध, पूर्व विधायक ने गड्ढों में बोया काले धान का बीज
चंदौली : धानापुर क्षेत्र के नगवां में चंदौली-गाजीपुर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर रविवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में जमा गंदे पानी में उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से काले धान का बीज बोकर शासन-प्रशासन का ध्यान सड़क की जर्जर हालत की ओर आकर्षित किया।
पूर्व विधायक ने कहा कि यह सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पूरी तरह भ्रष्ट और निकम्मी साबित हो रही है, जबकि उसके जनप्रतिनिधि जनहित के मुद्दों को उठाने के बजाय ठेकेदारी में व्यस्त हैं। इसी कारण विकास कार्यों की गुणवत्ता पर कोई निगरानी नहीं हो रही और सड़क सहित अन्य परियोजनाएं बदहाल स्थिति में पहुंच गई हैं।
मनोज कुमार सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह केवल प्रतीकात्मक विरोध है। यदि प्रशासन ने जल्द सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं कराया तो अगला कदम सड़क पर जमा पानी में काले धान की रोपाई कर बड़े आंदोलन का रूप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बेहतर सड़कों के निर्माण का दावा करती है, लेकिन हकीकत यह है कि गांवों की सड़कें आज भी बदहाल हैं। नगवां से होकर गुजरने वाला चंदौली-गाजीपुर मार्ग इसका जीता-जागता उदाहरण है, जहां सड़क पर बने गड्ढों में गर्मी के मौसम में भी गंदा पानी भरा हुआ है। इससे आए दिन बाइक और साइकिल सवार दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
पूर्व विधायक ने स्थानीय विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे इस गंभीर समस्या को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में जनता बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि राजनीतिक द्वेष से ऊपर उठकर जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।


















