पुलिस पर पिकअप चढ़ाकर भाग रहे शातिर गो-तस्कर को दबोचा, 5 गोवंश बरामद
चंदौली : सैयदराजा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम पर पिकअप वाहन चढ़ाकर भागने का प्रयास करने वाले एक शातिर गो-तस्कर को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से पांच गोवंश, गोवध में प्रयुक्त लोहे का चापड़, एक मोबाइल फोन, ₹70 नकद तथा बोलेरो पिकअप वाहन बरामद किया है। घटना के दौरान जान बचाने के लिए कूदने से दो रिक्रूट आरक्षी घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार, थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक लालधर यादव एवं पुलिस टीम रविवार को एनएच-19 पर बरठी कमरौर स्थित नुहू मेवात होटल के सामने संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान चंदौली की ओर से आ रही बोलेरो पिकअप (UP65 PT 6796) को रोकने का प्रयास किया गया।
आरोप है कि चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए खुद को बचाया, लेकिन कूदने के दौरान रिक्रूट आरक्षी ऋषि मिश्रा और रिक्रूट महिला आरक्षी राबिन्स विश्वकर्मा घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, अनियंत्रित होकर पिकअप सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साजिद पुत्र शाहबान (23 वर्ष), निवासी खुटहनिया, थाना करमा, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने वाहन से तीन गाय, दो सांड, गोवध में प्रयुक्त एक लोहे का चापड़, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा ₹70 नकद बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बरकछा (मिर्जापुर) से गोवंश लादकर बिहार के भभुआ जिले के चैनपुर निवासी नसीम शाह के यहां वध के लिए ले जा रहा था, जिसके बदले उसे ₹5,000 मिलने थे। उसने यह भी स्वीकार किया कि एक अन्य कार का चालक आगे-आगे चलकर उसे रास्ते की लोकेशन उपलब्ध करा रहा था।
इस मामले में थाना सैयदराजा पर उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।


















