माँ काली जी पोखरा में वृद्ध महिला का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

177

माँ काली जी पोखरा में वृद्ध महिला का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली : चकिया थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध माँ काली जी पोखरा में सोमवार सुबह एक वृद्ध महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही चकिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचानnमुलिया (60 वर्ष), पत्नी अंतु राम, निवासी ग्राम बोदारा कला, थाना चकिया के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि महिला पिछले करीब चार महीनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। वहीं, पिछले दो महीनों से वह बोलने में भी पूरी तरह असमर्थ हो गई थीं। परिजन उनके उपचार का भी प्रयास कर रहे थे।

सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने माँ काली जी पोखरा में महिला का शव तैरता हुआ देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को पोखरे से बाहर निकलवाया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

चकिया पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इस घटना से मृतका के परिवार में शोक की लहर है, वहीं क्षेत्र में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है।