गोवंश तस्करी पर सख्त हुए एसपी आकाश पटेल, अपराध समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश, लापरवाही पर थाना प्रभारियों के खिलाफ भी होगी कार्रवाई

36

अपराध समीक्षा बैठक में एसपी आकाश पटेल के कड़े तेवर, तस्करों पर गैंगस्टर-एनएसए की चेतावनी, लापरवाही पर थाना प्रभारियों के खिलाफ होगी कार्रवाई

चन्दौली : जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराध नियंत्रण की रणनीति को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

एसपी ने दिए निर्देश

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने गोवंश तस्करी और अवैध कटान के मामलों पर विशेष चिंता व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि जनपद में इस प्रकार की गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अंतरजनपदीय एवं अंतरराज्यीय सीमाओं पर चौबीस घंटे सघन चेकिंग अभियान चलाने, संदिग्ध मार्गों पर बैरियर और पिकेट स्थापित करने तथा खुफिया तंत्र को और अधिक सक्रिय करने के निर्देश दिए।

गोवंश तस्करी पर सख्त हुए एसपी आकाश पटेल

एसपी ने कहा कि गोवंश तस्करी में संलिप्त अपराधियों और गिरोहों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट एवं राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया भी तेज करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पूर्व में गोवंश तस्करी के मामलों में जेल जा चुके अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने, उनकी हिस्ट्रीशीट की समीक्षा करने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि जनपद में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि किसी क्षेत्र में पुलिसकर्मियों की लापरवाही या अपराधियों से मिलीभगत सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीमों का हुआ सम्मान

अपराध समीक्षा बैठक के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया। थाना मुगलसराय में दर्ज लूट की सनसनीखेज वारदात का सफल अनावरण कर चार अभियुक्तों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सम्मानित पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी जलीलपुर उपनिरीक्षक अजय कुमार, आरक्षी आयुष कुमार सहित एसओजी टीम के निरीक्षक रामजनम यादव, हेड कांस्टेबल रामानंद, आशु सिंह, अरविंद राजभर, सर्विलांस टीम के उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा, हेड कांस्टेबल मंटू सिंह तथा साइबर सेल के उपनिरीक्षक अभिषेक शुक्ला शामिल रहे।

धानापुर पुलिस टीम भी हुई सम्मानित

इसके अलावा थाना धानापुर पुलिस टीम को मात्र 12 घंटे के भीतर दो नाबालिग छात्राओं को सकुशल बरामद करने के लिए नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऐसे सराहनीय कार्य पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाते हैं और बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रेरित करते हैं।