चकिया में मवेशी चोरों और पुलिस के बीच मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली, चार गिरफ्तार
चंदौली : चकिया कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात मवेशी चोरों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया, जबकि चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से एक मैजिक वाहन भी कब्जे में लिया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, भभौरा नाका गांव में ग्रामीणों ने मवेशी चोरों के सक्रिय होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह के नेतृत्व में चकिया पुलिस और एसओजी चंदौली की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान गरला के आगे पुलिस ने एक नीले रंग के मैजिक वाहन को ओवरटेक कर रोक लिया। वाहन रुकते ही उसमें सवार चार बदमाश भागने लगे, जिन्हें पुलिस टीम ने दौड़ाकर दबोच लिया। इस बीच एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए फरार होने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली उसके पैर में लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी भेजा। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रामकरण, बब्लू, शशि और प्रताप के रूप में हुई, जबकि मैजिक वाहन के चालक ने अपना नाम अली हुसैन बताया। पुलिस ने सभी आरोपितों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपितों के आपराधिक इतिहास और मवेशी चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। साथ ही बरामद वाहन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत पड़ताल जारी है।


















