अमिलाई में विवाद के दौरान प्रधान की लाइसेंसी पिस्टल गिरी, बेटे ने उठाकर दी धमकी, गिरफ्तार
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के अमिलाई गांव में रविवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान ग्राम प्रधान की लाइसेंसी पिस्टल सड़क पर गिर गई। आरोप है कि प्रधान के बेटे ने पिस्टल उठाकर दूसरे पक्ष के लोगों को धमकाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, अमिलाई गांव में वर्तमान ग्राम प्रधान और प्रधान पद की तैयारी कर रहे दूसरे पक्ष के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान वर्तमान प्रधान की लाइसेंसी पिस्टल उनकी धोती से निकलकर सड़क पर गिर गई।
आरोप है कि प्रधान के बेटे ने सड़क पर गिरी पिस्टल उठाई और दूसरे पक्ष के लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें धमकाने लगा। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलते ही बलुआ पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी युवक को लाइसेंसी पिस्टल सहित गिरफ्तार कर लिया तथा उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि बरामद पिस्टल वर्तमान ग्राम प्रधान के नाम से लाइसेंसी है। उन्होंने कहा कि विवाद के दौरान पिस्टल प्रधान की धोती से गिर गई थी, जिसे उनके बेटे ने उठाकर दूसरे पक्ष को धमकाया। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


















