सूखी नहर और ठप रोपाई से किसानों में आक्रोश, सिंचाई विभाग को घेराव की चेतावनी
चंदौली : बरसात नहीं होने और नहरों में पर्याप्त पानी नहीं मिलने से किसानों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मुजफ्फरपुर बीयर से निकलकर डोड़ापुर दिरेहूं, सोनहुल, अमरा उत्तरी, भरेहटा होते हुए सिकंदरपुर तक जाने वाली पथरहवां लेफ्ट कैनाल घास-फूस से पूरी तरह पट गई है। नहर की बदहाल स्थिति के कारण खेत सूखे पड़े हैं और धान की रोपाई का कार्य लगभग ठप हो गया है।
क्षेत्रीय किसानों की शिकायत पर किसान संगठन के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने डोड़ापुर दिरेहूं के सिवान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खेतों में सूखे की स्थिति और नहर में उगी घास-फूस को देखा। किसानों ने बताया कि नहर में फुल गेज से पानी नहीं छोड़े जाने के कारण कई स्थानों पर किसानों ने अस्थायी बांध (बेंड़े) बना दिए हैं। वहीं, जिन किसानों के पास पंपसेट है, उन्हें भी सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए राम अवध सिंह ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता हरेंद्र कुमार, सहायक अभियंता ऋषभ राय तथा अवर अभियंता अनिल कुमार से वार्ता की। उन्होंने नहर की तत्काल सफाई कराने, फुल गेज में पानी छोड़े जाने तथा किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसान चकिया स्थित सिंचाई विभाग कार्यालय पर तालाबंदी और घेराव करने को बाध्य होंगे।
इस पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने नहर की शीघ्र सफाई कराने और पानी का गेज बढ़ाकर सिंचाई व्यवस्था सुचारु करने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण एवं किसान संवाद कार्यक्रम में राम अवध सिंह, वसीम अहमद, भानु प्रताप, कालिदास, वंशलोचन, मनोहर, गुप्त नाथ, राजू, सुधार मौर्य, अखिलेश, वकील मौर्य, इलाही, राम अवध मौर्य, सच्चन सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


















