चंदौली से ओमप्रकाश राजभर का बड़ा सियासी हमला, विपक्ष को एक साथ कई मुद्दों पर घेरा
चंदौली : महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती के अवसर पर आयोजित भागीदारी पार्टी की विशाल रैली में सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पिछड़े वर्गों के अधिकारों, शिक्षा व्यवस्था, किसान हितों और विपक्ष की राजनीति समेत कई मुद्दों पर अपनी बात रखते हुए विपक्ष पर तीखे राजनीतिक हमले किए।
बोले- पिछड़ों को उनका हक दिलाना हमारी जिम्मेदारी
रैली को संबोधित करते हुए मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि “पिछड़ों को उनका हक दिलाना हमारी जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के समक्ष बैठाकर गठबंधन को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने समाजवादी पार्टी के पीडीए (PDA) अभियान पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि “सपा के पीडीए का मतलब ‘पीट देगा अहीर’ है।”
कहा- गरीब पर अन्याय हुआ तो हम चुप नहीं बैठेंगे
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यदि किसी गरीब के साथ अन्याय हो रहा हो तो इसकी जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा, “हम भीख मांगने वाले या जी-हुजूरी करने वाले नेता नहीं हैं। हमारा मिजाज अलग है। लोग हमें बेहया कहते हैं और हम जनता के अधिकारों के लिए बेझिझक लड़ने वाले नेता हैं।”
शिक्षा व्यवस्था पर बोले ओमप्रकाश राजभर
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही के सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए राजभर ने कहा कि केवल इस्तीफा ही समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संसद में कानून बनाया गया है, जिसके तहत दोषी पाए जाने वालों को 10 वर्ष तक की सजा और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है।
किसान सम्मान निधि को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
विपक्ष के इस आरोप पर कि सरकार जनता के मुद्दों की बजाय चुनावी राजनीति पर अधिक ध्यान दे रही है, मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ अब सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंच रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले योजनाओं में जो “लीकेज” होता था, उसे केंद्र और प्रदेश सरकार ने पूरी तरह बंद कर दिया है, जिससे विपक्ष परेशान है।
यूपी में कानून का भय कायम है : ओपी राजभर
सीजेपी के एक प्रवक्ता द्वारा दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि “यह दिल्ली नहीं, उत्तर प्रदेश है। यहां कानून का राज है। योगी आदित्यनाथ का नाम आते ही बुलडोजर याद आता है। कोई भी कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।”
अखिलेश यादव और विपक्ष पर कई मुद्दों पर किया जोरदार हमला
वहीं, समाजवादी पार्टी द्वारा सुभासपा के सोशल मीडिया संचालन को लेकर लगाए गए आरोपों पर उन्होंने कहा कि “विरासत में सत्ता मिल सकती है, लेकिन बुद्धि नहीं।” उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि सपा और कांग्रेस के शासनकाल में शिक्षा व्यवस्था इतनी अच्छी थी तो वे स्वयं पढ़ाई के लिए विदेश क्यों गए।
रैली के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम में महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती के माध्यम से सामाजिक एकता, राजनीतिक भागीदारी और पिछड़े वर्गों के अधिकारों को लेकर भी जोरदार संदेश दिया गया।


















