भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा इटवां गांव, मनाया गया बाबा कांहेश्वर महादेव का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

65

भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा इटवां गांव, मनाया गया बाबा कांहेश्वर महादेव का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव

चंदौली : क्षेत्र के इटवां गांव स्थित प्राचीन बाबा कांहेश्वर महादेव मंदिर में बुधवार को प्राण प्रतिष्ठा दिवस बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान शिव के पूजन-अर्चन से हुई। मुख्य यजमान पवन पाण्डेय ने विद्वान आचार्यों के निर्देशन में बाबा कांहेश्वर महादेव का भव्य रुद्राभिषेक किया। रुद्राभिषेक के दौरान पूरे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और शिवभक्ति के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।

प्राण प्रतिष्ठा दिवस के अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगी झालरों, फूलों और विद्युत सज्जा से सुसज्जित मंदिर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। मंदिर के शिखर पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात भव्य एवं दिव्य महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

आरती के उपरांत भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिव भक्ति से ओत-प्रोत भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर शाम तक चले भजन-कीर्तन में श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए। पूरे कार्यक्रम के दौरान धार्मिक उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

इस अवसर पर बनवारी पाण्डेय, अरविंद पाण्डेय, पंडित मनोज पाण्डेय, सुशील पाण्डेय, प्रांजल त्रिपाठी, अंगद त्रिपाठी, मनोज गुप्ता, विनोद गुप्ता, रत्नाकर तिवारी, उदय प्रताप सिंह, रमेश मिश्रा, रवि सिंह, विजय गुप्ता, मिश्री लाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।