शिक्षा के साथ सेवा का अनूठा संगम, डैडीज इंटरनेशनल स्कूल की निःशुल्क तीर्थयात्रा बस 18वीं बार अयोध्या धाम रवाना
चंदौली : शिक्षा, संस्कार और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुके डैडीज इंटरनेशनल स्कूल एंड हॉस्टल, बिशुनपुरा ने एक बार फिर समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। विद्यालय द्वारा संचालित निःशुल्क तीर्थयात्रा बस सेवा के तहत शनिवार को वातानुकूलित बस श्रद्धालुओं को लेकर 18वीं बार भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या धाम के लिए रवाना हुई। विद्यालय प्रबंधन ने सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार और समाज सेवा का समन्वय ही डैडीज इंटरनेशनल स्कूल की सबसे बड़ी पहचान है।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया तथा उनकी सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की गई। प्रस्थान से पहले तीर्थयात्रियों ने विद्यालय का भ्रमण कर आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों, छात्रावास व्यवस्था और अन्य सुविधाओं की सराहना की।
LTP Calculator के आविष्कारक एवं वित्तीय मामलों के विशेषज्ञ डॉ. विनय प्रकाश तिवारी के निर्देशन में संचालित यह विद्यालय सीबीएसई आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को कक्षा छह से ही संरचित वित्तीय शिक्षा भी प्रदान कर रहा है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से सक्षम बनाना नहीं, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से जागरूक, संस्कारवान और सामाजिक दायित्वों के प्रति सजग नागरिक के रूप में तैयार करना है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रबंधक डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक होती है, जब उसके साथ सेवा, संस्कार और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित हो। वहीं डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने कहा कि अयोध्या केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और आदर्श जीवन का प्रेरणास्रोत है। भगवान श्रीराम का जीवन हर व्यक्ति को विपरीत परिस्थितियों में भी धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर अडिग रहने की सीख देता है।
विद्यालय की इस निःशुल्क तीर्थयात्रा सेवा को क्षेत्रीय जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। आलम यह है कि आगामी कई महीनों की सीटें आधार कार्ड की छायाप्रति जमा कराकर पहले ही निःशुल्क आरक्षित कराई जा चुकी हैं। विद्यालय इससे पूर्व श्रद्धालुओं को अयोध्या के अलावा मथुरा धाम की भी यात्रा करा चुका है तथा भविष्य में अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए भी निःशुल्क यात्राएं संचालित करने की योजना है।
इस अवसर पर बंशीधर तिवारी, सत्यप्रकाश तिवारी, बबिता तिवारी, सुषमा तिवारी, प्रीतमणि तिवारी, पार्वती तिवारी, जितेंद्र तिवारी, चंद्रकला तिवारी, मधुसूदन, शिवप्रकाश, जीउत, संतोष कुमार, नीतू देवी, शीला देवी, गुड्डी, हीरावती, राजन, विनीत दुबे, भगवान जी, रवि पाण्डेय, अमित शुक्ला, अमित कुमार, सुषमा देवी, पुष्पा गिरि सहित विद्यालय परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।


















