चन्दौली में यातायात नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई, 8 दिनों में 5,882 वाहनों का चालान

36

चन्दौली में यातायात नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई, 8 दिनों में 5,882 वाहनों का चालान
 
चन्दौली : जनपद में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नेशनल हाईवे, आलमपुर, चंधासी कोयला मंडी सहित विभिन्न संवेदनशील एवं व्यस्त क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया गया।

यातायात पुलिस ने सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़ा कर आवागमन बाधित करने वाले, बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले, ओवरस्पीडिंग करने वाले तथा ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की। विशेष अभियान के दौरान दिनांक 24 मई से 31 मई 2026 तक कुल 5,882 वाहनों का चालान किया गया, जिन पर 93 लाख 65 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।

अभियान के दौरान नो-पार्किंग जोन में सर्वाधिक 2,330 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिनसे 23 लाख 65 हजार रुपये का अर्थदंड वसूला गया। वहीं खतरनाक ढंग से वाहन चलाने वाले 98 चालकों, बिना हेलमेट के 1,624 वाहन चालकों तथा तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वाले 232 लोगों के विरुद्ध भी चालान की कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार विशेष अभियान में 17 वाहनों को मौके पर सीज भी किया गया। इसके अलावा चंधासी कोयला मंडी एवं आसपास के क्षेत्रों में यातायात बाधित करने वाले भारी वाहनों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। इस दौरान 1,048 ट्रकों का नो-पार्किंग में चालान किया गया, जिन पर कुल 20 लाख 82 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

यातायात पुलिस ने ब्रेथ एनलाइजर की सहायता से जांच करते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वाले 9 चालकों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, अधिक सवारी न बैठाने तथा प्रेशर हॉर्न एवं मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न करने की अपील भी की गई।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।