चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 90 लाख का अवैध गांजा बरामद, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

44

चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 90 लाख का अवैध गांजा बरामद, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

चंदौली : पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देश पर अपराध एवं मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक ट्रेलर से करीब 90 लाख रुपये कीमत का 184 किलो 750 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी के लिए ट्रेलर के भीतर विशेष रूप से गुप्त केबिन बनाया गया था, जिसमें गांजा छिपाकर बिहार से वाराणसी ले जाया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में थाना मुगलसराय पुलिस वीआईपी गेट क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि बिहार से एक ट्रेलर अवैध गांजा लेकर औद्योगिक नगर क्षेत्र होते हुए वाराणसी की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने पराग डेयरी के पास बैरिकेडिंग कर सघन चेकिंग शुरू कर दी।

कुछ देर बाद एक संदिग्ध सफेद ट्रेलर आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए इंडस्ट्रियल एरिया रोड नंबर-07 पर घेराबंदी कर ट्रेलर को रोक लिया।

तलाशी के दौरान ट्रेलर के डाले में मॉडिफाई कर बनाए गए गुप्त बॉक्स से 08 बोरों में रखा 184.750 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अखिलेश कुमार (36 वर्ष) निवासी चिरैयाटांड, अरवल (बिहार) और अरविंद कुमार (42 वर्ष) निवासी दरियापुर, अरवल (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उन्हें बिहार के जग्गल उर्फ जितेंद्र नामक व्यक्ति ने अधिक पैसे का लालच देकर यह खेप वाराणसी पहुंचाने के लिए लगाया था। पूरा नेटवर्क वही संचालित करता था और रास्ते में मोबाइल फोन के जरिए निर्देश देता था।

पुलिस ने ट्रेलर वाहन संख्या JH02 BJ 9528 को भी जब्त कर लिया है। इस संबंध में थाना मुगलसराय में मु0अ0सं0 232/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना मुगलसराय पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए इसे मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।