पुलिस की सक्रियता से चोरी की वारदात का खुलासा, दो अंतरजनपदीय चोर गिरफ्तार, आठ चोरी के मोबाइल फोन व सफेद धातु की चेन बरामद, ट्रक चालकों और नशे में लोगों को बनाते थे निशाना

35

पुलिस की सक्रियता से चोरी की वारदात का खुलासा, दो अंतरजनपदीय चोर गिरफ्तार, आठ चोरी के मोबाइल फोन व सफेद धातु की चेन बरामद, ट्रक चालकों और नशे में लोगों को बनाते थे निशाना

चंदौली : मुगलसराय पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा लगभग 10 ग्राम वजन की एक सफेद धातु की चेन बरामद की है। पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने ट्रक चालकों और नशे की हालत में पड़े लोगों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मुगलसराय पुलिस टीम वांछित अभियुक्तों की तलाश में पटनवा तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना मुगलसराय पर दर्ज चोरी के मुकदमे का वांछित आरोपी अपने साथी के साथ हमीदपुर कोनिया नट बस्ती स्थित जलेबी मोड़ के पास मौजूद है और नई चोरी की योजना बना रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गोपालपुर निवासी वारिस खान उर्फ गुड्डू तथा अन्सार खान के रूप में हुई। तलाशी के दौरान वारिस खान के पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा अन्सार खान के कब्जे से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक सफेद धातु की चेन बरामद हुई।

पूछताछ में वारिस खान ने स्वीकार किया कि वह 18 जनवरी 2026 को दरियापुर (पंडितपुरवा) निवासी महेंद्र चौधरी के घर हुई चोरी की घटना में अपने साथी विशाल गुप्ता के साथ शामिल था। उसने बताया कि चोरी के जेवर विशाल गुप्ता के पास थे, जिसे अगले दिन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जबकि वह फरार हो गया था।

दोनों अभियुक्तों ने यह भी स्वीकार किया कि बरामद आठों मोबाइल फोन टेंगरा मोड़ बाईपास के आसपास खड़े ट्रकों में सो रहे चालकों की जेब से चोरी किए गए थे। वहीं सफेद धातु की चेन रामनगर चौक स्थित देशी शराब की दुकान के सामने नशे की हालत में सो रहे एक व्यक्ति के गले से चुराई गई थी। आरोपियों ने बताया कि नशे और ऐशो-आराम की जरूरतें पूरी करने के लिए वे इस प्रकार की चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

पुलिस ने वारिस खान को पूर्व से दर्ज चोरी के मुकदमे में गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है, जबकि अन्सार खान के विरुद्ध बरामद चोरी के सामान के आधार पर अलग से मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार वारिस खान के विरुद्ध वाराणसी और चंदौली में चोरी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।