जनहित के छह सूत्रीय मांगों को लेकर 19 जून को होगा धरना, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने प्रशासन को दी सूचना

108

जनहित के छह सूत्रीय मांगों को लेकर 19 जून को होगा धरना, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने प्रशासन को दी सूचना

चंदौली : समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह “डब्लू” ने बुधवार को अपर जिला मजिस्ट्रेट राजेश कुमार से मुलाकात कर जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर 19 जून (शुक्रवार) को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन की जानकारी दी। उन्होंने प्रशासन को अवगत कराया कि आकांक्षी जनपद चंदौली में कई महत्वपूर्ण समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, जिनका समाधान जनहित में अत्यंत आवश्यक है। पूर्व विधायक ने बताया कि शुक्रवार को बिछियां स्थित धरनास्थल पर आमजन के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रभावित और पीड़ित लोग छह सूत्रीय मांगों को लेकर अपनी आवाज जिला प्रशासन और संबंधित विभागों तक पहुंचाएंगे।

ये हैं धरने की प्रमुख मांगें

जल जीवन मिशन के ऑपरेटरों का आर्थिक शोषण बंद हो

जल जीवन मिशन के तहत स्थापित पानी की टंकियों पर कार्यरत ऑपरेटर-कम-चौकीदारों से 24 घंटे कार्य लेने के बावजूद उन्हें मात्र ₹5,000 मासिक पारिश्रमिक दिया जा रहा है, जो न्यूनतम मजदूरी कानून का उल्लंघन है। प्रदर्शन के माध्यम से उचित वेतन और सामाजिक सुरक्षा की मांग उठाई जाएगी।

अमड़ा विद्युत उपकेंद्र को 220 केवी में अपग्रेड किया जाए

अमड़ा स्थित 11/33 केवी विद्युत उपकेंद्र को 220 केवी में उच्चीकृत करने की परियोजना पिछले नौ वर्षों से लंबित है। स्थानीय जनता लंबे समय से इसका इंतजार कर रही है और अब परियोजना को शीघ्र पूरा करने की मांग कर रही है।

सैयदराजा के बिजली उपभोक्ताओं से वसूले गए अतिरिक्त बिल का समायोजन हो

आरोप है कि करीब एक दशक तक ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति देकर शहरी दरों पर बिल वसूले गए, जिससे उपभोक्ताओं से लगभग ₹50 करोड़ अतिरिक्त राशि वसूल की गई। धरने में इस धनराशि को वापस या समायोजित करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी।

गंगा कटान परियोजनाओं में भ्रष्टाचार की जांच हो

सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के गुरैनी, महजी और नरैली गांवों में करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद गंगा कटान जारी है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि परियोजनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा विशेषज्ञ एजेंसियों से प्रभावी कटान निरोधक कार्य कराया जाए।

स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने बिजली मीटर लगाए जाएं

धरने के माध्यम से स्मार्ट मीटरों की तकनीकी खामियों और उपभोक्ताओं पर बढ़ते आर्थिक बोझ का मुद्दा भी उठाया जाएगा। मांग की जाएगी कि स्मार्ट मीटर हटाकर पारंपरिक मीटर लगाए जाएं ताकि उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण रोका जा सके।

नहरों में तत्काल पानी छोड़ा जाए

भीषण गर्मी और धान की नर्सरी के मौसम के बावजूद नहरों में पानी न छोड़े जाने से किसानों के सामने सिंचाई संकट उत्पन्न हो गया है। साथ ही पशु-पक्षियों के लिए भी जल संकट गहराया हुआ है। प्रदर्शन के जरिए नहरों में तत्काल पानी छोड़े जाने की मांग की जाएगी।

प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था की मांग

पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि 19 जून को बिछियां धरनास्थल पर प्रस्तावित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित थाना पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।