कारगिल दिवस पर उपभोक्ता जागरूकता अधिवेशन आयोजित, अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान

9

कारगिल दिवस पर उपभोक्ता जागरूकता अधिवेशन आयोजित, अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान

चंदौली : कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को उपभोक्ता कल्याण परिषद समिति, जनपद चंदौली इकाई की ओर से नगर स्थित होटल स्प्रिंग स्काई में उपभोक्ता जागरूकता अधिवेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय उपभोक्ता परिसंघ (सीसीआई) के नेशनल चेयरमैन डॉ. अनंत शर्मा, परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष भूप सिंह पाल, प्रदेश वाइस प्रेसिडेंट एवं राष्ट्रीय सचिव संजय श्रीवास्तव सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि डॉ. अनंत शर्मा ने कहा कि कानूनी प्रावधानों के बावजूद उपभोक्ता आज भी मिलावट, कम नाप-तौल, कालाबाजारी, भ्रामक विज्ञापन, साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन खरीदारी में धोखाधड़ी जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने जागरूक और संगठित होकर अपने अधिकारों की रक्षा करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संजय श्रीवास्तव ने कारगिल शहीदों को नमन करते हुए कहा कि सीसीआई देशभर में उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों एवं शिकायत निवारण के प्रति जागरूक कर रहा है। अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने बिल लेकर खरीदारी करने और फ्री ऑफर व भ्रामक विज्ञापनों से सावधान रहने की सलाह दी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने उपभोक्ताओं और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। अन्य वक्ताओं ने ग्रामीण उपभोक्ताओं को जागरूक करने, मिलावट पर सख्ती और स्मार्ट तकनीक के सुरक्षित उपयोग पर जोर दिया। कार्यक्रम में अजय श्रीवास्तव, कुसुम लता, दिनेश सिंह राणा, राजेश सिसोदिया, अरुण कुमार आर्या, रघुबीर सिंह, अभिषेक नारायण सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, व्यापारी एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।