चंदौली में गोवंश तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम, 11 गोवंश से लदी पिकअप पकड़ी, पुलिस की घेराबंदी देख गंगा पुल से कूदे दो तस्कर, एक की मौत, एक गंभीर, तीसरा गिरफ्तार
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र में गोवंश तस्करी की एक बड़ी कोशिश को पुलिस ने विफल करते हुए 11 गोवंश से लदी एक पिकअप वाहन को पकड़ लिया। पुलिस की घेराबंदी से घबराए तस्करों ने सैदपुर गंगा पुल से नीचे छलांग लगा दी, जिसमें दो तस्कर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान एक तस्कर की मौत हो गई, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। पुलिस ने मौके से एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी बलुआ अरुण प्रताप सिंह एवं मारुफपुर चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान गोवंश से लदी एक संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस की घेराबंदी होते ही वाहन में सवार तस्करों ने भागने की कोशिश की। बचने के प्रयास में दो तस्कर सैदपुर गंगा पुल से नीचे कूद गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में काजू कुमार निवासी जनपद आजमगढ़ की मौत हो गई, जबकि शिवांशु कुमार का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं तीसरे आरोपी शक्ति कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी आजमगढ़ जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर उसमें लदे 11 गोवंश को सुरक्षित बरामद कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ गोवंश तस्करी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि बलुआ पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से गोवंश तस्करी की बड़ी घटना को रोका गया है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है तथा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।


















