भाजपा चकिया मंडल की मासिक बैठक संपन्न, संगठन मजबूती और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर
चंदौली : चकिया नगर के वार्ड नंबर छह स्थित आदित्य पुस्तकालय में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी चकिया मंडल की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही कार्यकर्ताओं को संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
बैठक के मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री उमाशंकर सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता ने की। बैठक की शुरुआत पार्टी के विचारों एवं संगठनात्मक उद्देश्यों पर चर्चा के साथ हुई।
मुख्य अतिथि उमाशंकर सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के बल पर लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सक्रिय करने पर बल देते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं।
विशिष्ट अतिथि गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा सरकार विकास और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आमजन के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने और लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए प्रयास करने की अपील की।
मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता ने बैठक में आगामी कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक अभियानों की जानकारी देते हुए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सफलता का आधार है।
बैठक में पूर्व मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह, अशोक द्विवेदी, मीना विश्वकर्मा, ज्योति गुप्ता, अनीता शर्मा, सारांश केसरी, सुशील पांडे, राहुल सोनकर और अवनीश द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















