सावन मेले को लेकर महाकालेश्वर मंदिर का एएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के निर्देश
चंदौली : आगामी सावन मेला को सकुशल, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर ने सकलडीहा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर, बरठी का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं तथा भीड़ प्रबंधन से संबंधित तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को 24 घंटे सतर्क रहकर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुगम एवं कतारबद्ध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए प्रवेश एवं निकास मार्गों पर की गई बैरिकेडिंग की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने रात्रिकालीन दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं पावर बैकअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर कड़ी निगरानी रखने, भीड़ नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम करने तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के अंत में अपर पुलिस अधीक्षक ने मंदिर समिति एवं स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सावन मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित और सहज वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


















