चंदौली पुलिस का बड़ा खुलासा, ट्रक से 22 लाख की अवैध शराब बरामद, लकड़ी के बुरादे में छिपाकर बिहार भेजी जा रही थी शराब, पांच तस्कर गिरफ्तार

41

चंदौली पुलिस का बड़ा खुलासा, ट्रक से 22 लाख की अवैध शराब बरामद, लकड़ी के बुरादे में छिपाकर बिहार भेजी जा रही थी शराब, पांच तस्कर गिरफ्तार

चंदौली : बिहार में शराबबंदी के बीच चंदौली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 22.50 लाख रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब बरामद की है। सैयदराजा थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक से 2224.44 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। शराब को लकड़ी के बुरादे के बीच छिपाकर चंडीगढ़ से बिहार ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।

सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में सैयदराजा थाना पुलिस तथा स्वाट-सर्विलांस टीम ने गुरुवार देर रात एनएच-2 स्थित जेठमलपुर तिराहा और सम्राट होटल के पास चेकिंग अभियान चलाया।

2224 लीटर अंग्रेजी शराब पकड़ी

इसी दौरान एक सफेद फॉर्च्यूनर और उसके पीछे चल रहे आइसर ट्रक संख्या जीजे 14 जेड 5585 को रोककर तलाशी ली गई। फॉर्च्यूनर में चार लोग सवार थे। जांच में ट्रक और फॉर्च्यूनर में रखे ‘पोटाश’ लिखे टीन के डिब्बों के भीतर लकड़ी के बुरादे में छिपाकर शराब की बोतलें रखी मिलीं। पुलिस ने कुल 167 टीन के डिब्बों से 2224.44 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की।

फॉर्च्यूनर से ट्रक को दिया जा रहा था लोकेशन सपोर्ट

पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि शराब चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया से लोड की गई थी। पकड़े जाने से बचने के लिए डिब्बों पर ‘पोटाश’ लिख दिया गया था और शराब को लकड़ी के बुरादे के बीच छिपाया गया था। फॉर्च्यूनर गाड़ी ट्रक को रास्ते में पुलिस चेकिंग और लोकेशन की जानकारी देने के लिए आगे-आगे चल रही थी। खेप को बिहार के हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मार्ग तक पहुंचाया जाना था।

विभिन्न ब्रांड की शराब जब्त

बरामद शराब में रायल चैलेंज और ऑल सीजन ब्रांड शामिल हैं। इनमें 108 टीन डिब्बों में 1438.56 लीटर रायल चैलेंज तथा 59 डिब्बों में 785.88 लीटर ऑल सीजन शराब बरामद हुई। शराब की छोटी 180 एमएल प्लास्टिक बोतलों के साथ 750 एमएल की बड़ी शीशियां भी शामिल हैं।

पुलिस ने ट्रक सहित फॉर्च्यूनर, मोबाईल, कैश किया बरामद

पुलिस ने इस मामले में हरियाणा, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों से जुड़े पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें रोहतक निवासी संदीप कुमार, पानीपत निवासी सुमित सिंह, नीमच निवासी साजन राठौर, रोहतक निवासी देवेंद्र सिंह और पानीपत निवासी ट्रक चालक अनिल कुमार पंचाल शामिल हैं। पुलिस ने एक आइसर ट्रक, एक सफेद फॉर्च्यूनर, छह मोबाइल फोन और 5030 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

इस संबंध में थाना सैयदराजा में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।