चंदौली में मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट, अगले 24 घंटे पड़ सकते हैं भारी,  तेज आंधी, वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी

151

चंदौली में मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट, अगले 24 घंटे पड़ सकते हैं भारी,  तेज आंधी, वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी

चंदौली : मौसम विभाग ने जनपद चंदौली के लिए अगले 24 घंटों के दौरान मौसम के बेहद खराब रहने की चेतावनी जारी की है। सोमवार दोपहर 2:01 बजे प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार सचेत ऐप के माध्यम से जिले में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज आंधी, वज्रपात तथा ओलावृष्टि की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा रहने के साथ-साथ 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

प्रशासन ने नागरिकों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। टिन की छतों, बड़े होर्डिंग्स, जर्जर भवनों, पेड़ों, मोबाइल टावरों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें। यात्रा के दौरान सुरक्षित स्थान देखकर रुक जाएं और सभी विद्युत उपकरणों को बंद रखें।

वज्रपात से बचाव के लिए पक्के मकानों में शरण लेने, वाहन के अंदर रहने तथा बिजली के उपकरणों और तारों के संपर्क से दूर रहने की सलाह दी गई है। तालाबों, जलाशयों और खुले मैदानों में जाने से बचने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा है कि पेड़ों के नीचे खड़े होना, बिजली व टेलीफोन के खंभों के नीचे शरण लेना तथा धातु से बनी वस्तुओं का उपयोग करना खतरनाक साबित हो सकता है। नागरिकों से मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभाग को तत्काल सूचना देने की अपील की गई है।