भूगर्भ जल संरक्षण के लिए जागरूकता वैन को दिखाई गई हरी झंडी, जल बचाने का लिया संकल्प
चंदौली : भूगर्भ जल दिवस के अवसर पर बुधवार को विकास खंड चहनिया परिसर से भूगर्भ जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष जन-जागरूकता अभियान वैन को खंड विकास अधिकारी जावेद अख्तर एवं अन्य विभागीय अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी जावेद अख्तर ने कहा कि लगातार गिरता भूगर्भ जल स्तर गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि जल का विवेकपूर्ण उपयोग, वर्षा जल संचयन तथा पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से जल संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप देने तथा प्रत्येक घर और गांव में पानी बचाने की आदत विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में समन्वयक देवेंद्र कुमार सिंह सहित जिला स्तरीय टीम के सदस्य, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए भूगर्भ जल के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
अभियान के तहत जागरूकता वैन विकास खंड चहनिया की विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेगी। इस दौरान सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) सामग्री के माध्यम से ग्रामीणों को भूगर्भ जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण तथा जल के सतत एवं जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान ओम प्रकाश, नित्यानंद सिंह, प्रधानपति सतीश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


















