सड़क निर्माण कार्य में लगी डंफर ने महिला को कुचला, बाजार में मचा हड़कंप
चंदौली : सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के अलीनगर तिराहे पर गुरुवार को सड़क निर्माण कार्य में लगी एक डंफर की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान रवि कुमारी (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने भाई के साथ बाजार से घरेलू सामान खरीदकर वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क निर्माण कार्य में लगी तेज रफ्तार डंफर अचानक अनियंत्रित हो गई और महिला उसके पिछले चक्के की चपेट में आ गई। हादसा इतना भयावह था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना बीच बाजार में होने के कारण वहां चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सकलडीहा कोतवाली पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद डंफर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। वहीं घटना के बाद बाजार क्षेत्र में कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा फरार चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


















