चकिया में तहसीलदार बने किसान, औचक छापेमारी में खाद-बीज की दुकान पर मिली बड़ी अनियमितता

174

चकिया में तहसीलदार बने किसान, औचक छापेमारी में खाद-बीज की दुकान पर मिली बड़ी अनियमितता

चंदौली : किसानों को खाद-बीज की बिक्री में हो रही अनियमितताओं और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चकिया तहसीलदार ने बुधवार को अनोखी पहल करते हुए आम किसान का वेश धारण कर क्षेत्र की विभिन्न खाद-बीज दुकानों का औचक निरीक्षण किया। तहसीलदार की इस कार्रवाई से क्षेत्र के खाद कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

औचक जांच के दौरान सैदूपुर स्थित पीपी खाद भंडार पर गंभीर अनियमितता सामने आई। निरीक्षण में पाया गया कि दुकान पर एक भूमिहीन व्यक्ति को केवल आधार कार्ड के आधार पर खाद बेची जा रही थी, जबकि नियमानुसार खाद की बिक्री निर्धारित अभिलेखों और पात्रता के आधार पर की जानी चाहिए। इसे नियमों का स्पष्ट उल्लंघन मानते हुए तहसीलदार ने तत्काल कार्रवाई की।

तहसीलदार के मौके पर पहुंचने और कार्रवाई की सूचना फैलते ही आसपास के कई खाद-बीज विक्रेताओं ने आनन-फानन में अपनी दुकानें बंद कर दीं और वहां से निकल गए। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के दुकानदारों में खलबली मच गई।

किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ और नियमों की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार ने पीपी खाद भंडार का लाइसेंस निरस्त किए जाने की संस्तुति करते हुए विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों का शोषण करने वाले तथा खाद-बीज की बिक्री में अनियमितता बरतने वाले किसी भी दुकानदार को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।