यक्ष ऐप से खुली अपराधी की पहचान, मुगलसराय पुलिस ने तमंचे संग दबोचा युवक

90

यक्ष ऐप से खुली अपराधी की पहचान, मुगलसराय पुलिस ने तमंचे संग दबोचा युवक

चन्दौली : जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। यक्ष ऐप की मदद से संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करते हुए पुलिस ने एक युवक को अवैध असलहा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मुगलसराय पुलिस टीम शनिवार को पड़ाव चौराहा क्षेत्र में यक्ष ऐप के माध्यम से संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर एक ऐसे युवक पर पड़ी, जो फोटो लिए जाने की प्रक्रिया देखकर घबरा गया और वहां से हटने का प्रयास करने लगा। उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की तथा यक्ष ऐप के जरिए उसकी पहचान सत्यापित की।

जांच के दौरान युवक की पहचान अनुज सिंह (24 वर्ष) पुत्र तन्मय सिंह निवासी ग्राम सुरहन, थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर थाना मुगलसराय में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह वाराणसी से ऑटो द्वारा पड़ाव चौराहे पर उतरा था और मुगलसराय जाने के लिए वाहन की तलाश कर रहा था। इसी दौरान उसने देखा कि पुलिस टीम लोगों की जांच कर रही है और फोटो ले रही है, जिससे वह घबरा गया और किनारे से निकलने का प्रयास करने लगा। उसने स्वीकार किया कि बरामद तमंचा उसने आजमगढ़ से खरीदा था और उसे बिहार के सिवान जनपद ले जाने की योजना थी। अभियुक्त ने यह भी बताया कि वह अपनी सुरक्षा के लिए अवैध असलहा रखता था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अनुज सिंह के विरुद्ध पूर्व में मारपीट, धमकी एवं अन्य गंभीर मामलों में पांच मुकदमे दर्ज हैं। अब अवैध असलहा बरामद होने के बाद उसके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। वही पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों की पहचान और निगरानी के लिए यक्ष ऐप प्रभावी साबित हो रहा है तथा आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी जलीलपुर उपनिरीक्षक अजय कुमार, हेड कांस्टेबल रजनीश राय तथा कांस्टेबल हर्ष गोस्वामी शामिल रहे।