मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 27 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, विधायक कैलाश आचार्य ने दिया आशीर्वाद
चंदौली : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को चकिया ब्लॉक परिसर में भव्य एवं गरिमामय सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 27 जोड़े वैदिक रीति-रिवाज के साथ विवाह बंधन में बंधे। इनमें नगर पंचायत से 1, नौगढ़ विकास खंड से 5 तथा चकिया विकास खंड से 21 जोड़े शामिल रहे।
समारोह के मुख्य अतिथि विधायक कैलाश आचार्य ने नवविवाहित जोड़ों को शुभाशीष देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है। यह योजना सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के साथ ही विवाह में होने वाली अनावश्यक फिजूलखर्ची को भी कम करने का प्रभावी माध्यम बनी है।
कार्यक्रम में भाजपा महामंत्री उमाशंकर सिंह, भाजपा उपाध्यक्ष प्रदीप मौर्या (बंगाली), पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह तथा ब्लॉक प्रमुख शंभूनाथ यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं विकास खंड अधिकारी अनिल कुमार राय, एडीओ पंचायत नारायण तिवारी, एडीओ समाज कल्याण अनुराग शुक्ला, प्रधान प्रतिनिधि सत्य प्रकाश गुप्ता, क्षेत्र के ग्राम प्रधानों एवं ब्लॉक कर्मचारियों ने समारोह को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पूरे समारोह का आयोजन वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक परंपराओं के अनुरूप संपन्न हुआ। विवाहाचार्य विजयानंद द्विवेदी ने सभी जोड़ों का वैदिक विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया। कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नवदंपतियों को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।


















