नहर बनी काल! स्नान के दौरान 12 वर्षीय सावन गहरे पानी में डूबा, तलाश में जुटी पुलिस और ग्रामीण

21

नहर बनी काल! स्नान के दौरान 12 वर्षीय सावन गहरे पानी में डूबा, तलाश में जुटी पुलिस और ग्रामीण

चंदौली : अलीनगर थाना क्षेत्र के लौदा चौकी अंतर्गत नई कोट नहर पुलिया के पास गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहर में स्नान करने के दौरान 12 वर्षीय बालक सावन कुमार गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि सावन कुमार अपने एक दोस्त के साथ नहर किनारे गया था। उसका दोस्त कपड़ा धोने जा रहा था, तभी दोनों नहर के पास पहुंचे। इसी दौरान सावन नहर में स्नान करने लगा और अचानक गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख उसके दोस्त ने बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और स्थानीय लोगों की मदद से बालक की तलाश शुरू कर दी गई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका था। बालक की तलाश के लिए एनडीआरएफ (NDRF) टीम का इंतजार किया जा रहा है।

सूचना मिलने पर अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं खोज अभियान की निगरानी शुरू कर दी। पुलिस स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की सहायता से बालक की तलाश में जुटी हुई है।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजन और ग्रामीण सावन के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।