विधायक के भतीजे विवेक यादव बने ऑफिस सुपरिटेंडेंट, दूसरी कोशिश में पाई मंजिल
चंदौली : जनपद के चहनियां क्षेत्र अंतर्गत कैलावर गांव के लिए गर्व का क्षण तब आया जब सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव के भतीजे एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल यादव के छोटे पुत्र विवेक यादव ‘सिट्टू’ का चयन केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी), भारत सरकार के वित्त मंत्रालय (राजस्व विभाग) में ऑफिस सुपरिटेंडेंट के पद पर हुआ। इस उपलब्धि की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और कैलावर हाउस में उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
विवेक यादव की सफलता उनके कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मुगलसराय स्थित लक्ष्मी पब्लिक स्कूल से कक्षा 8 तक प्राप्त की। इसके बाद वाराणसी के डालिम्स रोहनिया से हाईस्कूल तथा लखनऊ स्थित स्कॉलर एकेडमी से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बी.कॉम (ऑनर्स) किया और तत्पश्चात सकलडीहा डायट से बीटीसी की पढ़ाई पूरी की।
शैक्षणिक यात्रा के दौरान विवेक ने निरंतर मेहनत जारी रखी और केंद्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे रहे। उल्लेखनीय है कि उन्होंने दूसरी बार में इस प्रतिष्ठित पद पर सफलता हासिल की, जो उनके धैर्य और निरंतर प्रयास का प्रतीक है।
सम्मान समारोह के दौरान विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने कहा कि विवेक की सफलता पूरे परिवार, समाज और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा है और यह साबित करती है कि कड़ी मेहनत और समर्पण से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विवेक को भविष्य में भी इसी तरह निरंतर प्रगति करते हुए क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल यादव, जिला पंचायत सदस्य रविन्द्र यादव, विकास यादव, विधानसभा अध्यक्ष सुभाष यादव, पूर्व प्रधान लाल साहब चौहान, अनुराग यादव सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और सभी ने विवेक यादव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


















