चक्रवाती तूफान से हुए नुकसान का जायजा लेने खुद मैदान में उतरे डीएम, अधिकारियों को तत्काल राहत और क्षति आकलन के दिए निर्देश

61

चक्रवाती तूफान से हुए नुकसान का जायजा लेने खुद मैदान में उतरे डीएम, अधिकारियों को तत्काल राहत और क्षति आकलन के दिए निर्देश

चंदौली : जिले में चक्रवाती तूफान के प्रभाव से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग खुद प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने विभिन्न इलाकों का दौरा कर जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया और तूफान के चलते हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के सख्त निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने एसडीएम, तहसीलदार और लेखपालों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें और प्रभावित गांवों में हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से क्षति का आकलन पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। प्रशासन की प्राथमिकता है कि नुकसान की सही जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई समय से सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि फिलहाल जिले में केवल फसलों के नुकसान की सूचना प्राप्त हुई है। पशु हानि या अन्य किसी प्रकार की बड़ी क्षति की सूचना अभी तक प्रशासन को नहीं मिली है। हालांकि, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रशासनिक टीमें विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर रही हैं।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मौसम के प्रभाव से प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखें तथा किसी भी नई क्षति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराएं। प्रशासन की टीमें लगातार सक्रिय हैं, ताकि प्रभावित किसानों और आम नागरिकों को समय पर राहत उपलब्ध कराई जा सके।