छत के रास्ते घर में घुसकर चोरी करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, चांदी का कड़ा और नकदी बरामद

31

छत के रास्ते घर में घुसकर चोरी करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, चांदी का कड़ा और नकदी बरामद

चंदौली ; सकलडीहा पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक जोड़ी चांदी का कड़ा और चार हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, अवैध हथियार समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, सकलडीहा थाना क्षेत्र के ग्राम जलालपुर दरियापुर निवासी जयशंकर यादव ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 अक्टूबर 2026 को दिन में करीब तीन बजे अज्ञात चोर उनके घर की छत के रास्ते अंदर घुस गया। चोर ने आलमारी में रखा एक जोड़ी चांदी का कड़ा और पांच हजार रुपये नकद चोरी कर लिया था। इस मामले में सकलडीहा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।

विवेचना के दौरान इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को चोरी की घटना में शामिल अभियुक्त विकाश कुमार उर्फ छोटू उर्फ छोटकन के बारे में जानकारी मिली। थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे घरचित नहर मोड़ के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी का एक जोड़ी चांदी का कड़ा तथा चार हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त सकलडीहा थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव का निवासी है और उसकी उम्र करीब 28 वर्ष है। उसके खिलाफ वर्ष 2017 से लेकर अब तक चोरी, चोरी का माल रखने, गुंडा निवारण अधिनियम और आयुध अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।

इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में उपनिरीक्षक धीरेन्द्र प्रसाद रावत, उपनिरीक्षक विजयशंकर चौहान, कांस्टेबल हृदेश चक्रवर्ती और कांस्टेबल प्रश्विन कुमार दूबे की टीम ने अंजाम दिया।