बलुआ में चोरों का आतंक, बीमार किशोर को पीटा, मुंह पर स्प्रे छिड़ककर लाखों के जेवरात लेकर फरार
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बेखौफ चोर लगातार पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला इटवां गांव का है, जहां बीती रात चोरों ने मुन्ना प्रजापति के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और 12 हजार रुपये नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुए जेवरात की कीमत करीब दो से तीन लाख रुपये है।
घटना के दौरान घर में मौजूद 17 वर्षीय राजकुमार प्रजापति बुखार से पीड़ित था। वह दवा खाने के बाद घर के एक कमरे में सो रहा था। परिजनों के मुताबिक, रात करीब 12 बजे अज्ञात चोर घर में घुसे और उस कमरे में पहुंच गए, जहां बक्से में गहने और नकदी रखी हुई थी। चोरों ने जैसे ही बक्से का ताला तोड़ा, उसकी आवाज सुनकर राजकुमार की नींद खुल गई।
राजकुमार के अनुसार, चोरों ने उसके मुंह पर कोई स्प्रे छिड़क दिया, जिससे उसे ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था। इसके बावजूद उसने एक चोर का पैर पकड़कर शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर चोरों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर और पीठ में चोटें आईं। किसी तरह खुद को छुड़ाकर चोर छत के रास्ते फरार हो गए। उस समय परिवार के अन्य सदस्य घर के बाहर सो रहे थे। जब तक वे मौके पर पहुंचे, चोर भाग चुके थे।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


















