पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय से लेकर साइबर थाने तक का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त निर्देश

25

पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय से लेकर साइबर थाने तक का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त निर्देश

चंदौली : पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय की समस्त शाखाओं, पुलिस लाइन, साइबर क्राइम थाना और स्मार्ट कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई और जनसुनवाई व्यवस्था की गहनता से समीक्षा की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों और शाखा प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने की हिदायत दी।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) विक्रम दहिया, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) सतीश चन्द्र शुक्ला तथा क्षेत्राधिकारी (लाइन) डॉ. चारू द्विवेदी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने आंकिक शाखा में वेतन भुगतान, एरियर, बजट और वित्तीय अभिलेखों की स्थिति देखी। वहीं डीसीआरबी में अपराधियों के रिकॉर्ड, आपराधिक इतिहास और सीसीटीएनएस की प्रविष्टियों की समीक्षा करते हुए सभी आंकड़ों को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए।

जनशिकायत प्रकोष्ठ और जनसुनवाई कक्ष के निरीक्षण के दौरान उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल, प्रार्थना पत्रों तथा संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक फरियादी की समस्या संवेदनशीलता से सुनी जाए और उसका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही प्रधान लिपिक शाखा, पासपोर्ट एवं सत्यापन पटल, एलआईयू, अभियोजन और सम्मन सेल के अभिलेखों की भी जांच की।

पुलिस अधीक्षक ने साइबर क्राइम थाने का निरीक्षण कर ऑनलाइन ठगी और वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। स्मार्ट कंट्रोल रूम में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का जायजा लेते हुए डायल 112 के रिस्पांस टाइम को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।

इसके अलावा पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं, शस्त्रागार, वाहन शाखा और क्वार्टर गार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने बैरकों की साफ-सफाई, परिसर के रख-रखाव और पुलिसकर्मियों के कल्याण से जुड़ी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। अंत में सभी शाखा प्रभारियों को अभिलेख अद्यतन रखने, कार्यों में पारदर्शिता बरतने और आमजन के साथ मधुर एवं शिष्ट व्यवहार करने की हिदायत दी।