दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, विनायक स्वीट हाउस का लाइसेंस निलंबित, स्वीट्स हाउस से बर्फी और चाट के नमूने लिए गए, लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

63

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, विनायक स्वीट हाउस का लाइसेंस निलंबित, स्वीट्स हाउस से बर्फी और चाट के नमूने लिए गए, लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

चंदौली : आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों और अस्वच्छ तरीके से खाद्य सामग्री तैयार करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। शनिवार को चहनिया और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान चहनिया के आर्य स्वीट हाउस से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जबकि कैलाशपुरी स्थित विनायक स्वीट हाउस की निर्माण इकाई में अत्यधिक गंदगी मिलने पर उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के आदेश पर और सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) चंदौली के निर्देशन में जनपद के विभिन्न कस्बों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने चहनिया कस्बे स्थित आर्य स्वीट हाउस पर अचानक छापेमारी की। जांच के दौरान दुकान से बर्फी और चाट के नमूने एकत्र कर खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए। टीम ने मिठाई निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया और संचालक को साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में राज्य सचल दल की अंतर्जनपदीय टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की। कैलाशपुरी स्थित विनायक स्वीट हाउस की निर्माण इकाई के निरीक्षण के दौरान अत्यधिक गंदगी और गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इसे गंभीरता से लेते हुए जांच टीम ने प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की। जिस पर सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) धीरेंद्र प्रताप सिंह ने तत्काल प्रभाव से प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित कर दिया।

इसके अलावा अन्य दुकानों का भी निरीक्षण किया गया और कमियां पाए जाने पर संबंधित संचालकों को सुधार नोटिस जारी किए गए।

सहायक आयुक्त धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि दीपावली के दौरान आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों और नियमों का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि संकलित नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी अभियान में मुख्य रूप से खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह यादव और अरविंद कुमार शामिल रहे।