राष्ट्रीय एकता दिवस पर छात्राओं ने बनाई प्रेरक पेंटिंग, सरदार पटेल को किया नमन

2

राष्ट्रीय एकता दिवस पर छात्राओं ने बनाई प्रेरक पेंटिंग, सरदार पटेल को किया नमन

चंदौली : चहनिया स्थित सेंट जोसेफ विद्यालय में शनिवार को भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक एवं संदेशपरक पेंटिंग बनाकर देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया।

कार्यक्रम में कक्षा आठ की छात्राओं प्रिया सोनकर, स्वाती, हर्षिता, महिमा, तनु, अंशिका, नीति, अमृता, समीक्षा और अंजली समेत अन्य छात्राओं ने राष्ट्रीय एकता की भावना को अपनी कला के माध्यम से प्रदर्शित किया। छात्राओं द्वारा बनाई गई विभिन्न प्रकार की पेंटिंग लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनीं। इन चित्रों के माध्यम से छात्राओं ने देशवासियों को आपसी प्रेम, भाईचारे और एकजुटता बनाए रखने का संदेश दिया।

इस दौरान विद्यालय के प्रिंसिपल अनिल कुमार जोसेफ ने छात्र-छात्राओं को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और उनके महान योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता के सच्चे प्रतीक थे। आजादी के बाद देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर उन्होंने अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि देश को एकता के धागे में पिरोने वाले इस महानायक का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। राष्ट्रीय एकता दिवस हमें यह संकल्प लेने की प्रेरणा देता है कि हम जाति, धर्म और भाषा से ऊपर उठकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें। कार्यक्रम के दौरान पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखने को मिला।