चकिया रेंज में फिर पकड़ा गया अवैध तेंदूपत्ता, CNG ऑटो में चार बोरियों में हो रही थी तस्करी

59

चकिया रेंज में फिर पकड़ा गया अवैध तेंदूपत्ता, CNG ऑटो में चार बोरियों में हो रही थी तस्करी

चंदौली : जनपद के चकिया वन क्षेत्र में अवैध तेंदूपत्ता तस्करी का मामला एक बार फिर सामने आया है। तेंदूपत्ता तोड़ाई का सीजन शुरू होते ही तस्कर सक्रिय हो गए हैं। इसी क्रम में वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार बोरियों में भरा अवैध तेंदूपत्ता एक CNG ऑटो समेत जब्त कर लिया। हालांकि कार्रवाई के दौरान तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार अश्विनी चौबे के नेतृत्व में वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी अभियान चला रही है। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मुबारकपुर अनुभाग के भभौरा बीट अंतर्गत मुसाहिबपुर गांव के पास संदिग्ध CNG ऑटो को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में चार बोरियों में भरा भारी मात्रा में अवैध तेंदूपत्ता बरामद हुआ।

वन विभाग की टीम को देखते ही चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद टीम ने तेंदूपत्ता और CNG ऑटो को कब्जे में लेकर रेंज परिसर चकिया लाया, जहां वन अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

चकिया रेंजर अश्विनी चौबे ने बताया कि तेंदूपत्ता तोड़ाई शुरू होते ही अवैध गतिविधियों में तेजी देखी जा रही है, लेकिन विभाग की पैनी नजर लगातार बनी हुई है। उन्होंने कहा कि वन संपदा के अवैध दोहन और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि चंद्रप्रभा वन्यजीव अभयारण्य के जंगलों में बड़ी संख्या में तेंदू के पेड़ पाए जाते हैं। यहां तेंदूपत्ता संग्रहण का कार्य वन निगम द्वारा कराया जाता है, लेकिन हर साल कुछ तस्कर चोरी-छिपे पत्तों की तुड़ाई कर अवैध तरीके से तस्करी करने का प्रयास करते हैं। वन विभाग की इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है।