मृत्युंजय सिंह बने द जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष, आनंद सिंह को मिली जिला संरक्षक की जिम्मेदारी

14

मृत्युंजय सिंह बने द जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष, आनंद सिंह को मिली जिला संरक्षक की जिम्मेदारी

चंदौली : पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा की दिशा में सक्रिय संगठन ‘द जर्नलिस्ट एसोसिएशन’ ने चंदौली में संगठनात्मक विस्तार करते हुए वरिष्ठ पत्रकार मृत्युंजय सिंह को जिलाध्यक्ष तथा वरिष्ठ पत्रकार आनंद सिंह को जिला संरक्षक मनोनीत किया है। यह मनोनयन संगठन के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. विनय कुमार वर्मा की संस्तुति पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश डी. यादव द्वारा किया गया।

सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय संयोजक डॉ. विनय कुमार वर्मा ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह को अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया और उन्हें संगठन की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जिले के पत्रकारों को एक मजबूत संगठनात्मक मंच मिलेगा।

डॉ. वर्मा ने बताया कि संगठन देशभर में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू कराने के लिए हस्ताक्षर अभियान चला रहा है। संगठन की मांग है कि महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की तर्ज पर देश के अन्य राज्यों में भी पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाए, ताकि पत्रकार निर्भीक और स्वतंत्र होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

इस अवसर पर जिला संरक्षक आनंद सिंह ने कहा कि पत्रकारों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। संगठित होकर ही पत्रकार अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा कर सकते हैं।

वहीं, नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह ने राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करना, जिले के सभी पत्रकारों को एक मंच पर लाना और उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के लिए संघर्ष करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने जल्द ही वरिष्ठ पत्रकारों से विचार-विमर्श कर जिला कार्यकारिणी गठित करने की बात कही।