चकिया-शहाबगंज के 13 प्रगणकों ने रचा कीर्तिमान, दो दिन में पूरा किया कार्य, हुआ सम्मान

108

चकिया-शहाबगंज के 13 प्रगणकों ने रचा कीर्तिमान, दो दिन में पूरा किया कार्य, हुआ सम्मान

चंदौली : जनगणना/मकान सूचीकरण 2027 के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले चकिया और शहाबगंज ब्लॉक के 13 प्रगणकों को तहसील सभागार में सम्मानित किया गया। इन प्रगणकों ने अपनी आवंटित हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) का कार्य महज दो दिनों में पूरा कर प्रशासन को प्रभावित किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उपजिलाधिकारी चकिया एवं तहसीलदार चकिया ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके कार्य की सराहना की।

सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि समयबद्ध, पारदर्शी और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली किसी भी सरकारी अभियान की सफलता की आधारशिला होती है। उन्होंने अन्य प्रगणकों से भी इन कर्मियों से प्रेरणा लेकर तेजी और गुणवत्ता के साथ जनगणना कार्य पूरा करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान सम्मानित प्रगणकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि टीमवर्क, बेहतर समय प्रबंधन और ग्रामीणों के सहयोग से वे निर्धारित समय से पहले लक्ष्य हासिल कर सके। अधिकारियों ने कहा कि जनगणना जैसा महत्वपूर्ण कार्य देश की नीतियों और विकास योजनाओं की नींव होता है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है।

सम्मानित होने वालों में महेन्द्र कुमार सिंह (शाहपुर), मनोज तिवारी (बेन), गुरुद्वीप जायसवाल (अमांव), अंकुर सोनकर (इलिया), रामाश्रय प्रसाद (बेलावर), अशोक कुमार अरुण (मुबारकपुर), नसीम अहमद (खरौझा), प्रमोद कुमार सिंह एवं सुरजीत पटेल (बड़ौरा), अमन कुमार (उसरी), छोटेलाल (रामशाला), बाबूलाल (भलुआ बिलौड़ी) तथा आनंद कुमार भारती शामिल रहे।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी चकिया पवन कुमार, तहसीलदार देवेन्द्र कुमार, नायब तहसीलदार शहाबगंज आरिफ अंसारी, खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार, अजीत पाल सहित दोनों ब्लॉकों के एआरपी, कार्यालय कर्मी और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।